सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के रहली रोड पर स्थित ढाना पुलिस चौकी क्षेत्र में एक भयंकर सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। काम खत्म कर घर लौट रहे इन मजदूरों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर के साबूलाल मार्केट इलाके में भवन निर्माण का कार्य करने वाले तीन मजदूर, दीना अहिरवार (45) निवासी हर्रा, किशन अहिरवार (50) निवासी रहली, और मथुरा अहिरवार (56) निवासी पथरिया (दमोह), काम समाप्त कर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वे रहली रोड पर ढाना के पास पहुँचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो क्रमांक एमपी 15 सीए 8033 ने उनकी बाइक को भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर आंतरिक और बाहरी चोटों के कारण तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बोलेरो पूरी तरह से अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बताया गया है कि बोलेरो में सवार लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन दुर्घटना के तुरंत बाद वे मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही ढाना चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और फरार वाहन चालक और अन्य सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Back to top button