सामूहिक विवाह में बेटे की शादी कर फिजूलखर्ची रोकने का बड़ा संदेश दे रहे सीएम डॉ मोहन यादव, बेटे के साथ 21 और जोड़े भी लेंगे सात फेरे, यशभारत भी बनेगा इस अनूठे आयोजन का साक्षी

भोपाल, यशभारत। सीएम मोहन यादव अपने छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु की शादी कल 30 नवंबर को उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मेलन में कर रहे हैं, जहां 21 जोड़े विवाह करेंगे। दूल्हा-दुल्हन दोनों डॉक्टर हैं और सगाई भी सादे समारोह में हुई थी। विवाह समारोह में कई वीआईपी शामिल होने जा रहे हैं. इसे लेकर धार्मिक नगरी उज्जैन में व्यापक पैमाने पर तैयारी की गई है। साधारण निमंत्रण पत्र और सादगीपूर्ण आयोजन की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है। सीएम डॉ मोहन यादव इस समारोह के माध्यम से प्रदेश की 9 करोड़ जनता को शादियों में फिजूलखर्ची रोकने का बड़ा संदेश देने जा रहे हैं। यशभारत भी इस समारोह का साक्षी होगा। मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित आमंत्रण पत्रिका यशभारत के संस्थापक आशीष शुक्ला को प्राप्त हो चुकी है।
इस समारोह में राज्यपाल, मंत्री, विधायक और सांसद जैसे कई वीआईपी शामिल होंगे। आज सुबह माता पूजन की रस्म परिवार ने गीता कालोनी अब्दाल पूरा उज्जैन में अदा की। कल शाम को हल्दी की रस्म हुई कल महिला संगीत का आयोजन होगा और परसों सांवरा खेड़ी ब्रिज के निकट हजारों लोगों की उपस्थिति में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री परिवार की ओर से सभी के जोड़ों को उनकी गृहस्थी का सामान और उनके जीवन की शुरुआत करने के लिए सभी जरूरी समान दहेज में दिया जाएगा। इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए पूरे देश भर से वीआईपी मेहमानों का आना शुरू हो गया है।
कुछ ऐसी है निमंत्रण पत्रिका…
शादी के इस निमंत्रण में सबसे पहले पेज पर भगवान श्री कृष्ण की फोटो लगाई गई है। साथ ही 30 नवंबर रविवार को सुबह 11 से 4 बजे तक वाकणकर ब्रिज के पास शिप्रा तट उज्जैन पर यादव परिवार द्वारा इस आयोजन का आमंत्रण लिखा गया है। जबकि दूसरे पेज पर जय श्री कृष्णा के उद्घोष के साथ स्व. पूनमचंद यादव और स्व. श्रीमती लीलाबाई यादव को इस आयोजन का प्रेरणास्रोत बताया गया है। पत्रिका के अन्य पृष्ठ पर दूल्हा-दुल्हन के नाम के साथ ही एक अन्य पृष्ठ पर विनयवत के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा सभी को आमंत्रण देते हुए जय श्री महाकाल के साथ इस आयोजन में पधारने का आमंत्रण दिया गया है।
शादी का कार्ड भी है सिंपल
सीएम मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु की शादी का कार्ड भी सामने आया है। शादी के ये कार्ड काफी सिंपल है। साधारण कार्ड पर दूल्हा-दुल्हन के नाम हैं। साथ ही अंदर के पेज पर मांगलिक कार्यों के बारे में जानकारी है। सोशल मीडिया पर सीएम मोहन यादव की पहल की खूब तारीफ हो रही है।
बेटे-बहू दोनों डॉक्टर
सीएम मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु डॉक्टर हैं। वे भोपाल में ही रहते हैं लेकिन सीएम हाउस में नहीं। वहीं, बहू ईशिता भी डॉक्टर है। वह खरगोन की रहने वाली हैं। दोनों की सगाई भी सादे समारोह में हुई थी। सगाई कार्यक्रम सीएम हाउस में आयोजित किया गया था। इसमें परिवार के नजदीकी लोग ही शामिल हुए थे।









