भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में बेखौफ गुंडों का आतंक: पॉश कॉलोनी में 15 बदमाशों का हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़

भोपाल में बेखौफ गुंडों का आतंक: पॉश कॉलोनी में 15 बदमाशों का हमला, गाड़ियों में तोड़फोड़
​तीन दिन में चौथी वारदात; आईजी का बेटा बताकर दी धमकी
​भोपाल,यशभारत। राजधानी में बदमाशों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब पॉश कॉलोनियां भी सुरक्षित नहीं हैं। शाहपुरा थाना क्षेत्र की वाइसरॉय कॉलोनी में शुक्रवार को 15 से अधिक बदमाशों ने एक प्रोफेसर के घर घुसकर जमकर उत्पात मचाया और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। चौंकाने वाली बात यह है कि एक आरोपी ने खुद को “आईजी का बेटा” बताकर पीड़ित परिवार को धमकाया। यह घटना शहर में पिछले तीन दिनों में तोड़फोड़ की चौथी बड़ी वारदात है।
प्रोफेसर के घर में घुसकर मोबाइल छीना
​पीड़ित प्रोफेसर विशाखा श्रीवास्तव ने बताया कि उनका बेटा शिखर पुणे में पढ़ता है और इन दिनों घर आया हुआ है। रात करीब 3 बजे बर्थडे पार्टी से लौटते समय शिखर की कार बदमाशों की कार से टकरा गई थी, जिसके बाद बदमाशों ने पहले उसे रास्ते में पीटा। सुरक्षा के मद्देनजर प्रोफेसर ने बेटे को त्रिलंगा स्थित दादी के घर भेज दिया।
​सुबह 5 बजे करीब 15 युवक उनके घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर प्रोफेसर का मोबाइल छीन लिया और बेटे शिखर को कॉल कर धमकाया। मां की सुरक्षा के लिए जब शिखर के तीन दोस्त आए, तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे दो दोस्तों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। जाते-जाते आरोपियों ने कॉलोनी में खड़ी कई गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। ​हमले के दौरान एक युवक ने “आईजी का बेटा हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता” कहकर दहशत फैलाई। हालांकि, शाहपुरा थाना के एसआई हरीश गुर्जर ने बताया कि आरोपी के आईजी का बेटा होने की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज से मिली कार ई-4 में रहने वाली सपना चतुर्वेदी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर शिनाख्त कर रही है।
​पुलिस पर लापरवाही का आरोप
​प्रोफेसर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद डायल 100 को कॉल किया गया था, लेकिन पुलिस तब पहुंची जब बदमाश मारपीट और तोड़फोड़ करके जा चुके थे।
​राजधानी में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं
​पिछले कुछ दिनों में शहर के कई हिस्सों से तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं:
​गांधीनगर: मंगलवार-बुधवार की रात राजा भोज परिसर में कार टकराने के विवाद में 5 आरोपियों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 फरार है।
​मिसरोद: मंगलवार रात मैजिक स्पॉट कैफे में सेज कॉलेज के करीब 20 छात्र तलवार और डंडे लेकर पहुंचे और पिछली लड़ाई के बदले में कैफे में जमकर तोड़फोड़ की।
​जाटखेड़ी: एक माह पहले पॉश कवर्ड कॉलोनी लोटस रुचि लाइफ स्केप में एक कार में लोहे की रॉड से तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button