देश

बीजेपी ने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह को किया निलंबित

विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद बड़ी कार्रवाई

बिहार,एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी की बिहार इकाई ने पार्टी के कद्दावर नेता रहे आरके सिंह को पार्टी ने निलंबित कर दिया है। आरा लोकसभा सीट से पूर्व सांसद रहे आरके सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। भाजपा ने उनसे पूछा है कि उन्हें पार्टी से क्यों न निष्कासित किया जाए? बता दें कि नौकरशाही छोड़कर राजनीति में आए पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री आरके सिंह ने बीते दिनों बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया था।

पार्टी ने कारण बताओ नोटिस किया जारी

भाजपा की तरफ से जारी आधिकारिक पत्र में लिखा गया है, ‘आपकी गतिविधियां पार्टी के विरोध में हैं। ये अनुशासन के दायरा में आता है। पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया है। इससे पार्टी को नुकसान हुआ है। पत्र में आगे लिखा गया कि, आपको पार्टी से निलंबित करते हुए कारण पूछा जा रहा है कि आपको पार्टी से क्यों नहीं निष्कासित किया जाए ? पत्र मिलने के एक सप्ताह के अंदर आप अपनी स्थिति स्पष्ट करें।’

क्यों गिरी गाज?

दरअसल, पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरा के पूर्व सांसद आरके सिंह ने अपने ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कुछ प्रत्याशियों को वोट नहीं देने की अपील की थी। आरके सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एनडीए उम्मीदवारों पर निशाना साधा था। इस वीडियो में आरके सिंह ने कहा था कि मैं आपसे निवेदन करता हूं कि किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि या भ्रष्ट व्यक्ति को वोट न दें। चाहे वह आपकी जाति या समुदाय का ही क्यों न हो। जो लोग ऐसे व्यक्ति को वोट करते है उन्हें चुल्लू भर पानी में डूब जाना चाहिए। यदि हम अपराधियों को चुनेंगे तो बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला कायम रहेगा, और विकास का सपना कभी पूरा नहीं होगा। बिहार कभी विकास नहीं करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button