ओटीटी पर कब्जा जमाने आ रहे मिश्रा जी और त्यागी जी, घर बैठे देखें अक्षय-अरशद की बहसबाजी
जानें रिलीज डेट

सितंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्टरूम ड्रामा ‘जॉली एलएलबी 3’ अगर आप सिनेमाघरों में नहीं देख पाए हैं तो ओटीटी पर देख सकते हैं। जी हां, जल्दी ही ये फिल्म ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की कोर्टरूम ड्रामा ‘जॉली एलएलबी 3’ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसने 15 दिनों में ही 100 करोड़ कमाई का आंकड़ा पार कर लिया था। लोगों को ये कोर्टरूम ड्रामा काफी पसंद आई। खासतौर पर अक्षय कुमार और अरशद वारसी के अभिनय ने दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ खूब रुलाया भी। दर्शकों और क्रिटिक्स से फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। लेकिन, जो दर्शक इस फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए हैं, वह लंबे समय से इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैँ। इस बीच फिल्म की ओटीटी रिलीज से जुड़ी डिटेल भी सामने आ गई है, तो चलिए जानते हैं कि ये फिल्म कब और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है।
कब और कहां रिलीज होगी जॉली एलएलबी 3?
सुभाष कपूर द्वारा निर्देशित ‘जॉली एलएलबी 3’, सुपरहिट फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है, जो इसी साल 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म के पहले भाग में जहां अरशद वारसी जॉली के किरदार में नजर आए थे तो वहीं दूसरे भाग में अक्षय कुमार ने जॉली का किरदार निभाया। अब तीसरे भाग में दोनों ही कलाकार अपने-अपने किरदार दोहराते नजर आए। जल्दी ही जॉली एलएलबी 3 का थिएट्रिकल रन पूरा होने वाला है और इसी के साथ ये ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म 14 नवंबर को नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार पर एक साथ रिलीज होने की संभावना है।
जॉली एलएलबी 3 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
अक्षय कुमार और अरशद वारसी स्टारर फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो इसने सिनेमाघरों में जबरदस्त शुरुआत की थी। फिल्म ने लंबे समय तक पकड़ बनाए रखी, जिसके दम पर ये भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 117 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन करने में सफल रही। वहीं वर्ल्डवाइड इसने 138 करोड़ से ज्यादा कमाई की। फिल्म में जहां अक्षय जॉली त्यागी की भूमिका में दिखाई दिए तो वहीं अरशद वारसी ने जॉली मिश्रा की भूमिका निभाई है। फिल्म में दोनों प्रतिद्वंद्वी वकील की भूमिका में दर्शकों को खूब हंसाते नजर आए।
अक्षय-अरशद की अपकमिंग फिल्म
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार के पास फिल्मों की लंबी लाइन लगी है। एक्टर जल्दी ही ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में नजर आएंगे। इसके अलावा वह हेरा फेरी 3 और शैतान में भी नजर आने वाले हैं। वहीं अरशद वारसी की बात करें तो अभिनेता आखिरी बार ‘बंदा सिंह चौधरी’ में नजर आए थे, इसके अलावा वह नेटफ्लिक्स की ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में गफूर भाई के रूप में अपने कैमियो के लिए भी काफी चर्चा में रहे।







