शिक्षा, स्वास्थ और रोजगार से जुड़ी समस्याओं पर करेंगे संघर्ष, पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा – भाजपा के कुशासन से लड़कर कांग्रेस को करेंगे मजबूत


कटनी, यशभारत। युवा कांग्रेस की नई टीम ने भाजपा सरकार के राज में व्याप्त जनसमस्याओं और प्रशासनिक मनमानी को लेकर सड़क पर संघर्ष का ऐलान कर दिया है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में बढ़ती बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा होगा। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस किया जाएगा। हजारों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए जिस भरोसे के साथ नए पदाधिकारियों को चुना है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की जाएगी।
यह बात इंडियन कॉफी हाउस में आज दोपहर आयोजित युवा कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में नवनिर्वाचित प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा एवं जिलाध्यक्ष इजराइल खान ने कही। मीडिया के साथियों से चर्चा में उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव राहुल गांधी की सोच के अनुसार हुए हैं। इस प्रक्रिया में कटनी जिले में सक्रिय और कांग्रेस के प्रति निष्ठावान साथियों को मौका मिला है। प्रदेश अध्यक्ष पद पर यश घनघोरिया निर्वाचित हुए हैं। सभी साथी कंधे से कंधा मिलाकर काम करते हुए प्रदेश और जिले में पार्टी को और अधिक मजबूत और गतिशील करेंगे। अंशु मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कुशासन की पराकाष्ठा आप सब कटनी जिले में देख ही रहे हैं। हर तरह का माफिया इस जिले में सक्रिय है। अवैध कारोबार को भाजपा के नेताओं का ही संरक्षण है। ऐसे में प्रशासन तंत्र से कोई उम्मीद रह नहीं जाती। युवा कांग्रेस सड़क पर आकर जनसमस्याओं के सवाल उठाएगी। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मोहम्मद इजराइल ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की बागडोर सौंपा जाना निश्चित ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मजबूत इच्छाशक्ति का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वे पूरे जिले का दौरा करते हुए सक्रिय युवाओं को संगठन से जोड़ेंगे। इसके अलावा नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने चिंता जताई कि युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसकर बर्बाद हो रही है। पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस का चुनाव लड़ने वाले पार्थ समाधिया, जो जिला उपाध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं, उनके साथ अभय खरे को फोन पर धमकी देने और 5 लाख की फिरौती मांगने का मामला भी उठा। दोनों युवा नेताओं ने माधवनगर थाने में इसकी शिकायत की है। अंशु मिश्रा ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला नहीं था। वे पूरे मामले का पता लगाएंगे। उन्होंने करोना काल में जनसेवा,जनहित याचिका के माध्यम से जिला अस्पताल में सीटी स्केन मशीन,प्लाज़्मा मशीन,अनेकों जन आंदोलन, आदि की जानकारी दी। मोहम्मद इसराइल ने जिले के शिक्षित युवाओं के रोज़गार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया व बताया की कटनी का युवा अनेकों प्लांट होने के बाद भी पलायन कर रहा है। अस्पतालों में डाक्टरों की कमी है,लॉ कालेज एवं अन्य महत्वपूर्ण कोर्स प्रारभ करने की आवश्यकता है। शासकीय मेडिकल कॉलेज की आस आज भी जनता लगाये बैठी है।सभी ज्वलंत मुद्दों पर सड़क पर उतरके प्रदर्शन करेगी युवा कांग्रेस। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
पत्रकारों से चर्चा में प्रदेश सचिव ने अपने और साथियों के निर्वाचन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित जिले के दोनों संगठन अध्यक्षों और सभी कांग्रेजनों का आभार व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सौम्या रांधेलिया, नवनिर्वाचित विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सचिन गर्ग मुड़वारा, शुभम साहू विजयराघवगढ़, शैलेश जायसवाल बड़वारा और दीपक यादव बहोरीबंद सहित अन्य युवा नेता मौजूद रहे।







