रेलवे स्टेशन पर 1 करोड़ रुपये से भरा बैग मिला,गोरखपुर पुलिस जांच में जुटी
बिहार का रहने वाला संदिग्ध युवक

रेलवे स्टेशन पर 1 करोड़ रुपये से भरा बैग मिला,गोरखपुर पुलिस जांच में जुटी
बिहार चुनाव के बीच गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर एक करोड़ रुपये से भरा बैग बरामद हुआ है। पकड़े गए युवक की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है। संदेश है कि इन पैसों का इस्तेमाल बिहार चुनाव में होना था। मामले की जांच जारी है।
![]()
गोरखपुर जीआरपी और आरपीएफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। बिहार चुनाव के पड़ताल के दौरान गोरखपुर रेलवे स्टेशन से करीब 1 करोड़ रुपये से भरे बैग के साथ युवक को पकड़ा गया। प्राथमिक करवाई और पूछताछ के बाद संदिग्ध को इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिया गया है। आरोपी युवक से पूछताछ जारी है। युवक बिहार के मोकामा जिले का निवासी बताया जा रहा है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 वीआईपी गेट पर जीआरपी और आरपीएफ पुलिस जांच-पड़ताल कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका गया और उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग में 99.9 लाख रुपये कैश बरामद हुए। जीआरपी ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ के बाद उसे इनकम टैक्स विभाग के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे पैसों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बिहार का रहने वाला संदिग्ध युवक
बता दें कि इतनी बड़ी रकम पकड़ने के बाद जीआरपी और आरपीएफ प्रशासन भी सकते में है। बिहार में दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होना है, इसको देखते हुए यह रकम बहुत बड़ी मानी जा रही है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम मुकुंद माधव निवासी वार्ड नं 14 रामचरण टोला जिला मोकामा बिहार बताया। जीआरपी पुलिस का कहना है कि फिलहाल इससे ज्यादा अन्य कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पकड़े पैसों का हवाला कनेक्शन भी हो सकता है, जिसका बिहार चुनाव के दौरान इस्तेमाल होना था।
इस बारे में जीआरपी एसपी का कहना है कि सुबह प्लेटफार्म नंबर दो के vip गेट पर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। युवक के बैग से भारी मात्रा में कैश बरामद किया गया। संदेह है कि इसका कनेक्शन बिहार चुनाव से हो सकता है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को सूचना दे दी गई है।






