नहाय खाय के साथ प्रारंभ हुआ भक्ति-आस्था का छठ महापर्व

नहाय खाय के साथ प्रारंभ हुआ भक्ति-आस्था का छठ महापर्व
– चार दिवसीय पर्व पर भोपाल के 50 घाटों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु
– नगर निगम के अमले ने की व्यवस्थाएं
यश भारत भोपाल। भक्ति और आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरूआत शनिवार से हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले महापर्व को लेकर भोपाल के 50 घाटों पर तैयारियां की गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम का अमला व्यवस्था बनाने में लगा हुआ है। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों के सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी भोपाल में उत्साह चरम पर है। घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर नगर निगम व सामाजिक संगठनों की टीमें लगातार काम में जुटी हुई हैं। लगभग तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। शनिवार को सुबह से ही लोग घाटों पर पहुंचे और पूजन किया।
शुक्रवार को महापौर मालती राय ने खटलापुरा छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाटों का समतलीकरण, पेयजल आपूर्ति, रोशनी और सुरक्षा की ठोस व्यवस्था की जाए। निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, जोन अध्यक्ष बृजुला सचान, पार्षद पप्पू विलास तथा भोजपुरी समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
.jpeg)
चार दिन तक आयोजत किया जाएगा कार्यक्रम
– 25 अक्टूबर को पर्व नहाय-खाय के साथ प्रारंभ होगा।
– 26 अक्टूबर को ‘खरना’ के तहत व्रती शाम को प्रसाद ग्रहण कर उपवास की शुरुआत करेंगी।
– 27 अक्टूबर की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।
– 28 अक्टूबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।
पटना की भजन मंडली छठ मइया की गीतों की देंगी प्रस्तुति
भोजपुरी एकता मंच द्वारा शीतलदास की बगिया में मुख्य आयोजन होगा, जहां घाट को भगवा थीम पर सजाया गया है। सांस्कृतिक कार्यक्रम, नौका विहार और आतिशबाजी के अलावा 2100 दीपों से दीपदान किया जाएगा। यहां 35 से अधिक वॉलंटियर तैनात रहेंगे। बरखेड़ा सरस्वती घाट पर दो हजार से अधिक वेदियां बनाई गई हैं, जिन पर नाम और टोकन अंकित कर श्रद्धालुओं को आवंटित किया जा रहा है। पटना से भजन मंडली बुलाई गई है जो छठ मइया के गीतों की प्रस्तुति देगी। खटलापुरा घाट पर भी सदीपदान, रोशनी और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

अन्य घाटों पर भी तैयारी
प्रेमपुरा घाट, कलियासोत, हथाईखेड़ा, एकतापुरी पार्क, करोंद, संजीव नगर, बर्रई गौरीशंकर परिसर, अन्ना नगर शाखा ग्राउंड, सुभाष नगर दुर्गा मंदिर, राजेंद्र नगर, शाहपुरा और अयोध्या नगर सरयू घाट सहित अन्य स्थानों पर भी पूजा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीददारी जोरों पर है और शहर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है।
व्यवस्था की जा रही है
छठ पूजा के विशेष पर्व को देखते हुए सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों की साफ सफाई कराई गई है। लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए नगर निगम का अमला सभी घाटों पर तैनात रहेगा।
– मालती राय, महापौर, भोपाल







