भोपाल
कोलार की दानिश हिल्स कॉलोनी में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉयज की गुंडागर्दी
घर में घुसकर मारपीट; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कोलार की दानिश हिल्स कॉलोनी में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉयज की गुंडागर्दी
घर में घुसकर मारपीट; मुख्य आरोपी गिरफ्तार
- भोपाल यशभारत। राजधानी के कोलार थाना क्षेत्र की पॉश दानिश हिल्स कॉलोनी में ब्लिंकिट कंपनी के दर्जनों डिलीवरी बॉय द्वारा खुलेआम गुंडागर्दी और घर में घुसकर मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह विवाद कथित तौर पर एक पेमेंट विवाद से शुरू हुआ और बाद में बड़ी मारपीट में बदल गया।
भाजपा नेता के घर हुआ हमला
बताया जा रहा है कि यह घटना स्थानीय भाजपा नेता हर्षित गुरु के निवास पर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद का कारण सामान की डिलीवरी के दौरान भुगतान को लेकर हुआ। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हर्षित गुरु की पत्नी द्वारा आंशिक कैश और आंशिक ऑनलाइन भुगतान की बात पर डिलीवरी बॉय से कहासुनी हुई।
बड़ी संख्या में पहुंचे डिलीवरी बॉय
विभागीय सूत्रों के अनुसार, शुरुआती मारपीट पहले डिलीवरी बॉय और हर्षित गुरु के कर्मचारियों/नौकरों के बीच हुई थी। इसके बाद, सामान देने आए कर्मचारी ने अपने साथियों को जानकारी दी, जिसके बाद लाठी-डंडों से लैस दर्जनों डिलीवरी बॉय मौके पर पहुंचे। भारी भीड़ को देखते हुए हर्षित गुरु अपने घर के अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर लिया। आक्रोशित डिलीवरी बॉय ने घर के पोर्च में मौजूद नौकरों के साथ जमकर मारपीट की और फरार हो गए।
रहवासी पहुंचे कोलार थाना
इस खुलेआम गुंडागर्दी और कॉलोनी की शांति भंग होने से नाराज दानिश हिल्स कॉलोनी के कई रहवासी बड़ी संख्या में कोलार थाने पहुंचे और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला अचानक नहीं था, बल्कि बाहरी इलाकों से डिलीवरी बॉयज को बुलाकर किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया बलवा का मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रहवासियों की शिकायत के बाद कोलार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं, जिनमें मारपीट, धमकाना और बलवा शामिल हैं, में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सीसीटीवी फुटेज की मदद से अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है।







