ओमती क्षेत्र में भीषण आग: जनरल स्टोर की तीन मंजिलें जलकर खाक, 50 लाख का नुकसान
Massive fire in Omati area: Three floors of a general store gutted, causing a loss of Rs 50 lakh

ओमती क्षेत्र में भीषण आग: जनरल स्टोर की तीन मंजिलें जलकर खाक, 50 लाख का नुकसान
जबलपुर, यश भारत। ओमती क्षेत्र के गलगला मोहल्ले में शनिवार तड़के एक जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब साढ़े 3 बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान की तीनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और करीब 3 से 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने में कुल 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ लगीं।
सौभाग्य से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा करीब 50 लाख रुपए का माल जलकर राख हो गया। दुकान संचालक परमल तेलनी ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान की तीनों मंजिलें आग की लपटों में घिरी हुई थीं।
सीएसपी रितेश कुमार शिव ने बताया कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आसपास की दुकानें और आवासीय मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन धुआं निकलने के कारण राहत कार्य अभी जारी है। पुलिस और फायर टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।







