देश

दुश्मनों के होश उड़ाने वाली खबर,भारत ने पहली बार ट्रेन से दागी मिसाइल

अग्नि प्राइम का किया सफल परीक्षण

नई दिल्ली,एजेंसी। भारत को बड़ी कामयाबी मिली है। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) ने अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल को रेल बेस्‍ड मोबाइल लॉन्‍चर से लॉन्‍च किया गया। यानी ये मिसाइल चलती रेल से दागी जा सकेगी। इस सफल परीक्षण के बाद भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया, जिनके पास ‘कैनिस्टराइज्ड’ लॉन्च सिस्टम है, जो रेल नेटवर्क पर चलते हुए मिसाइल छोड़ सकता है।

अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। रक्षा मंत्री ने लिखा भारत ने रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर प्रणाली से मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। अगली पीढ़ी की यह मिसाइल 2000 किलोमीटर तक की मारक क्षमता के लिए डिजाइन की गई है। साथ ही ये कई एडवांस खूबियों से लैस है। डिफेंस एक्सपर्ट्स का मानना है रेल आधारित मोबाइल लांचर सिस्टम देश की सामरिक रक्षा क्षमताओं में एक प्रमुख मील का पत्थर साबित होगी।

अपनी तरह का पहला टेस्ट

रक्षा मंत्री ने बताया कि विशेष रूप से डिजाइन किए गए रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से आज किया गया अपनी तरह का पहला प्रक्षेपण था। यह बिना किसी पूर्व शर्त के रेल नेटवर्क पर चलने की क्षमता रखता है। इससे यूजर्स को देश भर में गतिशीलता प्राप्त होती है और कम दृश्यता के साथ कम प्रतिक्रिया समय में प्रक्षेपण करने की अनुमति मिलती है।

मारक क्षमता 1,000 से 2,000 किलोमीटर

रक्षा मंत्री ने कहा कि मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल के सफल परीक्षण पर डीआरडीओ, सामरिक बल कमान (एसएफसी) और सशस्त्र बलों को बधाई। इस सफल उड़ान परीक्षण ने भारत को उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल कर दिया है जिनके पास मोबाइल रेल नेटवर्क से कैनिस्टराइज्ड लॉन्च सिस्टम विकसित करने की क्षमता है।अग्नि प्राइम, अग्नि कैटेगरी की मिसाइलों का एक परमाणु-सक्षम, नई पीढ़ी का एडवांस एडिशन है। यह दो स्टेप वाली कैनिस्टर मिसाइल है। इसकी अधिकतम मारक क्षमता 1,000 से 2,000 किलोमीटर है। यह अग्नि सीरीज की सभी पूर्ववर्ती मिसाइलों से हल्की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button