हिमाचल के बिलासपुर में बादल फटने से तबाही,10 गाडिय़ां मलबे में दबी,घरों को नुकसान,
आज 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

शिमला , ईएमएस। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के नयनादेवी विधानसभा में बीती रात को बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। नम्होल में इससे 10 से ज्यादा गाडिय़ां मलबे में दब गई। यहां कई घरों को भी नुकसान की सूचना है। भारी बारिश के बाद जगह जगह लैंडस्लाइड से कई किसानों की जमीन भी बह गई है।
मंडी जिला के धर्मपुर के सपड़ी रोह गांव में भी सुबह चार बजे बड़ा लैंडस्लाइड हो गया। इससे कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। भारी बारिश के बाद रात में बड़ी मात्रा में मलबा गांव में आया। इसके बाद 8 घरों को खाली करवा दिया गया है।
वहीं, बिलासपुर, कांगड़ा और मंडी के कई भागों में पूरी रात तेज बारिश हुई। आज (शनिवार) और कल भी 10 जिलों में बारिश की चेतावनी दी गई है। यह अलर्ट किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर अन्य सभी जिलों में जारी किया गया है। इस दौरान कुछेक क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। परसों यानी 15 सितंबर से मानसून कमजोर पड़ेेगा। इसके बाद 17 सितंबर तक बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
इस सीजन में सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुका है। एक जून से 12 सितंबर के बीच 678.4 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 967.2 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं। एक से 12 सितंबर तक सामान्य से 133 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस अवधि में 64.6 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश की तुलना में 150.4 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। कुल्लू जिला में सामान्य से 363 प्रतिशत ज्यादा, सोलन में 256, ऊना में 241 प्रतिशत और शिमला में नॉर्मल से 231 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।








