पुलिस आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की डॉयल 112 -नगरीय पुलिस को 52 औ भोपाल देहात को मिले 10 वाहन

पुलिस आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की डॉयल 112
-नगरीय पुलिस को 52 औ भोपाल देहात को मिले 10 वाहन
भोपाल, यशभारत।
माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पिछले माह भोपाल पुलिस को सौंपे गए डायल-112 के 62 नए वाहनों को पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने कल शाम हरी झंडी दिखाकर थाना क्षेत्रों में रवाना किया। इसके बाद आगामी त्यौहारों को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस ने नए डॉयल 112 वाहनों के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 अगस्त को भोपाल पुलिस को डॉयल 112 के 62 नए वाहन सौंपे थे। कल शाम इन सभी वाहनों को पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चाना कर थाना क्षेत्रों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन 62 वाहनो में से 52 वाहन भोपाल शहर और 10 वाहन भोपाल देहात को दिए गए हैं। जिसमें कुछ थानों को जन संख्या, क्षेत्रफल तथा आपराधिक रिकार्ड के आधार पर 2-2 एफआरव्ही वाहन दिए गए हैं। इस दौरान पुलिस की नए एफआरव्ही डॉयल 112 से नये व पुराने शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थानों व प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। जिससे की त्यौहारों के मौके पर असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय बना रहे और आज जनता खुद को सुरक्षति महसूस करे। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी, एडिशनल कमिश्नर पंकज श्रीवास्तव, डिप्टी कमिश्नर श्रद्धा तिवारी, डिप्टी कमिश्नर रियाज इकबाल, डिप्टी कमिश्नर जितेन्द्र सिंह पवार, डिप्टी कमिश्नर सोनाक्षी सक्सेना, पुलिस अधीक्षक देहात प्रमोद सिन्हा एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
नई आपातकालीन सेवा डॉयल-112
अब पुलिस 100, स्वास्थ्य/एम्बुलेंस 108, अग्निशमन 101, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर क्राइम 1930, रेल मदद 139, हाईवे एक्सिडेंट रिस्पॉन्स 1099, प्राकृतिक आपदा 1079 और महिला चाइल्ड हेल्पलाइन 181, 1098 जैसी सभी आपातकालीन सेवाएं एक ही नंबर डॉयल 112 पर उपलब्ध रहेंगी।







