भाजपा महिला मोर्चा ने किया विरोध प्रदर्शन
राहुल गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी का आरोप

जबलपुर यश भारत।बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गाली देने और उनकी मां के प्रति अपशब्द कहने का आरोप लगने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को मालवीय चौक पर महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपा राव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया।
भाजपा महिला नेत्रियों ने कहा कि राहुल गांधी का यह व्यवहार न केवल अपमानजनक है, बल्कि भारतीय राजनीति की गरिमा और संस्कारों के खिलाफ भी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी देश के सर्वोच्च पद पर हैं, ऐसे में उनके प्रति या उनकी माता के प्रति अपशब्द कहना पूरे देश की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाला है। कांग्रेस पार्टी की मानसिकता यही दर्शाती है कि वह बिना गाली गलौज किए अपनी बात रखने में असमर्थ है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहीं। वही महिला मोर्चा के द्वारा राहुल गांधी का भी पुतला जलाया ।







