डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक की चपेट में आई कार, 6 दोस्तों की मौत,
उज्जैन दर्शन के बाद ओडिशा जा रहे थे

डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक की चपेट में आई कार, 6 दोस्तों की मौत,
उज्जैन दर्शन के बाद ओडिशा जा रहे थे
राजनांदगांव: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को गम में बदल दिया। एक कार के डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होने के बाद सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से 6 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
यह दुर्घटना बघनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, कार में 7 दोस्त सवार थे, जो मध्य प्रदेश के इंदौर से ओडिशा के पुरी जा रहे थे। उज्जैन में दर्शन के बाद वे अपनी यात्रा पर निकले थे।
पुलिस की शुरुआती जाँच में सामने आया है कि कार के ड्राइवर को झपकी आ गई थी, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में जाकर ट्रक से भिड़ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी आकाश मौर्या (28), गोविंद (33), अमन राठौर (26), नितिन यादव (34) और ओडिशा के रहने वाले संग्राम केसरी के रूप में हुई है। एक और मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सभी मृतकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच थी। घायल शख्स को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।







