इंतजार की घड़ियां समाप्त, 23 को होगा फ्लाईओवर का लोकार्पण

जबलपुर यश भारत। शहर के लोगों का लंबा इंतजार खत्म होने जा रहा है। मध्य प्रदेश के सबसे बड़े मदन महल-रानीताल फ्लाईओवर का लोकार्पण आगामी 23 अगस्त को किया जाएगा। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इसकी जानकारी दी है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे उद्घाटन
राकेश सिंह ने बताया कि इस ऐतिहासिक फ्लाईओवर का लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों से होगा। यह फ्लाईओवर जबलपुर के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा।
फ्लाईओवर की खास बातें
* यह फ्लाईओवर लगभग 7 किलोमीटर लंबा है।
* इसके निर्माण में 850 करोड़ रुपये की लागत आई है।
* यह फ्लाईओवर मदन महल से रानीताल तक यातायात को सुगम बनाएगा, जिससे लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
पिछले काफी समय से शहर के लोग इसके चालू होने का इंतजार कर रहे थे। हाल ही में इसे जल्द शुरू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदर्शन भी किया था। अब इस बड़ी सौगात से जबलपुरवासियों में खुशी की लहर है।







