तेज रफ्तार कंटेनर से टक्कर में दो युवकों व दो गायों की मौत : आधा दर्जन वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के देवरी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाराजपुर के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो युवकों व गायों को कुचल दिया। हादसे के बाद पीछे से आ रहे 5 अन्य वाहन भी आपस में भिड़ गए। इनमें हाईवा, पिकअप और कार शामिल हैं।
जिले के देवरी तहसील में नरसिंहपुर नेशनल हाईवे पर झिरा घाटी पर कंटेनर सागर से नरसिंहपुर की ओर से जा रहा था जो घाटी पर पहुंचते ही बेकाबू हो गया। कंटेनर ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी। घटना के बाद कंटेनर चालक बाइक को 15 फीट घसीटते हुए ले गया जिससे बाइक पर युवकों और दो गायों की मौत हो गई। एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। एक घंटे तक शव सड़क पर ही पड़े रहे। अचानक हुई इस टक्कर से पीछे से आ रहे कई अन्य वाहन भी एक के बाद एक टकराते चले गए जिससे एक महिला समेत दो अन्य लोग भी घायल हो गए। इन्हें प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
नेशनल हाईवे पर हुए उक्त भयावह हादसे में कंटेनर चालक बाइक को करीब 15 फीट तक घसीटते हुए ले गया जिससे एक युवक का सिर बुरी तरह कुचल गया। सागर जिले के मढ़ पिपरिया निवासी सतीश (28) और अजय लोधी (26) की मृत्यु हो गई। दोनों बाइक सवार बरमान की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद कंटेनर चालक कंटेनर लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। सुआतला थाना प्रभारी बीएल बनवारी ने बताया कि तेज रफ्तार कंटेनर सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रहा था और झिरा घाटी में बेकाबू होकर बाइक को टक्कर मार दी। कंटेनर की टक्कर के बाद अचानक ब्रेक लगाने के चलते पीछे से आ रहे वाहन आपस में टकरा गए।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा और मृतकों के शव सड़क पर ही पड़े रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में लिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







