भोपाल

ड्राइवर के उतरते ही रेपिडो कार लेकर भागा पेसेंजर – आरोपी कार रायसेन जिले में लावारिस छोडक़र भागा, केस दर्ज

ड्राइवर के उतरते ही रेपिडो कार लेकर भागा पेसेंजर
– आरोपी कार रायसेन जिले में लावारिस छोडक़र भागा, केस दर्ज
भोपाल यशभारत।
पिपलानी थाना क्षेत्र में रेपिडो कैब बुक करने के बाद चोरी का मामला सामने आया है। कार में मोबाइल व नगदी रूपए भी रखे थे। वारदात को रेपिडो कार में सवार पेसेंजर ने अंजाम दिया। हालांकि आरोपी कार को रायसेन जिले में लावारिस हालत में छोडक़र फरार हो गया है। पुलिस की एक टीम चोरी गई रेपिडो कार बरामद करने के लिए रवाना हो गई है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
थाना प्रभारी चंद्रिका यादव ने बताया कि निशातपुरा निवासी नीरज यादव पुत्र रामराज (21) रेपिडो कैब चालक है। कल रात उसे भानपुरा से पटेल नगर रायसेन रोड की बुकिंग मिली थी। उसने कैब में भानपुरा से एक पेसेंजर को पिकअप किया। इसके बाद रात करीब बारह बजे पटेल नगर में ड्रप किया। तभी पेसेंजर ने कहा कि तुमने मुझे तय लोकेशन पर ड्रप नहीं किया है और किराया देने में आनाकानी करने लगा। इस बात से नाराज होकर कैब चालक नीरज अपनी कार में चाबी लगी छोडक़र नीचे उतर गया। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी व्यक्ति उसकी कार लेकर वहां से चम्पत हो गया। कार में कैब ड्राइवर का मोबाइल और नगदी रूपए रखे थे। वारदात के बाद फरियादी ने थाने पहुंच कर शिकायत की थी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को पता चला है कि आरोपी रायसेन जिले के गैरतगंज में उक्त कार को लावारिस हालत में छोड़ कर फरार हो गया है। पुलिस रेपिडो कंपनी से कैब बुकिंग के संबंध में जानकारी जुटा रही है। जिससे की आरोपी की पहचान हो सके।

एटीएम तोडक़र चोरी का प्रयास-
एसआई कमलेश चौहान ने बताया कि पारस नगर करोंद निवासी राजेश सिलावट पुत्र रामचरण(36) महानगर ग्रामीण बैंक में काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शांति नगर करोंद पर उनकी बैंक का एटीएम है। उक्त एटीएम को गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब ढाई बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने तोडक़र चोरी का प्रयास किया। आरोपी ने लोहे की कील और लकड़ी के डंडे से एटीएम मशीन को तोडऩा चाहा, लेकिन सफल नहीं हो पाया। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस को एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है, जिसमें अज्ञात व्यक्ति कील और डंडे की मदद से मशीन तोड़ते हुए नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button