बरगी बांध से नर्मदा में बढ़ेगा जलस्तर: शुक्रवार को 40 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जाएगा

जबलपुर, रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के तहत आने वाले बरगी बांध से शुक्रवार, 25 जुलाई को सुबह 11 बजे से पानी की निकासी बढ़ाई जाएगी। बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। वर्तमान में बांध से 10,595 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 40,259 क्यूसेक किया जाएगा।
कार्यपालन यंत्री बरगी बांध, राजेश सिंह गौंड ने बताया कि इस वृद्धि के लिए बांध के पांच खुले जलद्वारों को आधा-आधा मीटर की बजाय, अब सात जलद्वारों को 1.21 मीटर की औसत ऊंचाई तक खोला जाएगा।
ऊपरी क्षेत्र में बारिश और बढ़ता जलस्तर
गौंड के अनुसार, बरगी बांध के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। गुरुवार, 24 जुलाई की रात 8 बजे बांध का जलस्तर 419 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। इस समय बांध में 36,868 क्यूसेक वर्षा जल प्रवेश कर रहा था।
निचले क्षेत्रों में अलर्ट, नर्मदा के घाटों से दूर रहने की अपील
बांध से जल निकासी की मात्रा बढ़ाए जाने के कारण नर्मदा नदी के निचले क्षेत्रों में वर्तमान जलस्तर में 2 से 3 फुट की वृद्धि हो सकती है। कार्यपालन यंत्री ने निचले क्षेत्र में रहने वाले सभी निवासियों से नर्मदा नदी के घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गौरतलब है कि बरगी बांध का पूर्ण जलभराव स्तर 422.76 मीटर है। बांध के ऑपरेशनल मैन्युअल के अनुसार, 31 जुलाई तक इसका जलस्तर 417.50 मीटर रखा जाना प्रस्तावित है, ताकि आगामी वर्षा ऋतु के लिए पर्याप्त जगह बनी रहे।






