मुख्यमंत्री आज करेंगे हरिहर राष्ट्रीय नाट्य समारोह का शुभारंभ – रविंद्र भवन में 24 से 29 जुलाई तक चलेगा आयोजन

मुख्यमंत्री आज करेंगे हरिहर राष्ट्रीय नाट्य समारोह का शुभारंभ
– रविंद्र भवन में 24 से 29 जुलाई तक चलेगा आयोजन
भोपाल यशभारत। हरिहर राष्ट्रीय नाट्य समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविंद्र भवन में आज शाम 7 बजे करेंगे। 24 से 29 जुलाई तक समारोह का आयोजन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय के समन्वय के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध नाटकों के मंचन के अतिरिक्त संगोष्ठियां और वैचारिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि हरिहर नाम शिव-विष्णु के दिव्य द्वैत का प्रतीक है, जो कला और विचार की एकता को दर्शाता है। श्रावण मास में आयोजित यह उत्सव प्रकृति, हरियाली और मानवीय संवेदनाओं के पुनरुत्थान का प्रतीक बनता है। नाट्यशास्त्र पर विशेष चर्चा में भारत के सुप्रसिद्ध रंगगुरु, निर्देशक, नाट्य विशेषज्ञ और शोधार्थी भाग ले रहे हैं। कुल 18 नाट्य प्रस्तुतियों के साथ नाट्यशास्त्र पर आधारित 18 वक्तव्य और शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे। यह संगोष्ठी आने वाली पीढिय़ों के लिए नाट्यशास्त्र पर एक समृद्ध संदर्भ ग्रंथ भी तैयार करेगी। कार्यक्रम में नाट्य शास्त्र की महिमा का बखान किया जाएगा।






