खाली करना होगा विनियमित उपयमंत्री बिंद्रा को सरकारी आवास : पी आई सी की बैठक में हुआ निर्णय
सींगरी सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों पर सहमति

नरसिंहपुर यशभारत। नगर पालिका की प्रेसिडेंट इन कौंसिल की बैठक में सींगरी के सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों व विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में ही अवैध तरीके से नगर पालिका के आवास में रह रहे विनियमित उपयंत्री बिंद्रा को एक माह में आवास छोडऩे का निर्णय प्रेसिडेंट इन कौंसिल के सदस्य संतोष चौकसे की आपत्ति पर लिया गया। लंबे समय से उपयंत्री अवैध रूप से नियम विरूद्ध अधिकारी आवास का उपयोग कर न सिर्फ निकाय में अल्प राशि जमाकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था वरन अन्यत्र न रह कर आवास हेतु अधिकृत अधिकारियों को आवासीय लाभ से वंचित कर रखा था।
बीते दिनों हुई प्रेसिडेंट इन कौंसिल की बैठक में सींगरी नदी के सौंदर्यीकरण जिसके अंतर्गत घाट, पाथवे, गहरीकरण सहित नदी के किनारे में फैले अतिक्रमण को भी हटाने का कार्य शामिल है। इसकी लागत करीब 18 करोड रूपये होगी को स्वीकृति दी गई। बैठक में वीरांगना रानी अवंति बाई भवन के ऊपर एवं पीछे टीन शेड व लेट-बाथ निर्माण कार्य, बाबा घाट में सामुदायिक भवन में अतिरिक्त निर्माण कार्य, उत्कृष्ट विद्यालय में टीन शेड, बैलघर काम्पलेक्स के ऊपर काम्युनिटी हाल निर्माण, महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड में सामुदायिक भवन सहित अनेक वार्डों के सडक़ नाली के कार्य कराने की स्वीकृतियां दी गई।
इनकी रही उपस्थिति
प्रेसिडेंट इन कौंसिल की बैठक में नपा अध्यक्ष नीरज दुबे, सुषमा संजय तिवारी, शाहिन शफीक खान, संतोष चौकसे, सुमन राजपूत, रानी चौधरी, परषोत्तम साहू सहित सीएमओ नीलम चौहान, एई प्रतिमा ठाकुर, उपयंत्री महेन्द्र परमार, गुलफ्सा अंजुम, परषोत्तम बाडबुद्धे, मुख्य लिपिक रामकुमार नामदेव की उपस्थिति रही।
स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ा नरसिंहपुर
स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में नरसिंहपुर नपा पिछली बार से भी ज्यादा पिछड़ गई। सीटाडेल कंपनी द्वारा की गई पूर्व की अनियमित्तायें एवं तत्कालीन स्वच्छता शाखा प्रभारी बिंद्रा की मनमानी कार्यप्रणाली के चलते नपा की रैंकिंग में गिरावट आयी। जबकि गाडरवारा की रैंकिंग में हद दर्जे का सुधार हुआ वहीं करेली और तेंदूखेड़ा नपा ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार करने में सफलता अर्जित की।







