पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चोर गिरोह को पुलिस ने दबोचा, 13 चोरी की घटनाओं का खुलासा, 8.5 लाख रुपये का मशरूका जप्त

दमोह। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने हेतु पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ती सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे के निर्देशन में दमोह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
थाना दमोह देहात अंतर्गत हाल ही में घटित चोरी की वारदातों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रचना मिश्रा द्वारा विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र की सूचना, सायबर तकनीक एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के माध्यम से जांच कर एक सक्रिय मोटरसाईकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस गिरोह से कुल 13 चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं का खुलासा किया है, जिनमें थाना दमोह देहात, कोतवाली, पथरिया, चौकी बांदकपुर सहित सागर एवं टीकमगढ़ जिले के प्रकरण सम्मिलित हैं।
पुलिस द्वारा कुल 08 चोरी की गई मोटरसाइकिलें, सोने-चांदी के आभूषण, एक एलईडी टीवी सहित लगभग 8.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
इस कार्यवाही में पुलिस ने 07 आरोपियों एवं 01 विधिविरुद्ध बालक को गिरफ़्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दमोह पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी एवं आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।







