थानों के अंगद बने एसआई और आरक्षक समेत 8 निलंबित

थानों के अंगद बने एसआई और आरक्षक समेत 8 निलंबित
-तबादला होने पर भी नहीं ली थी थानों से रवानगी
भोपाल यशभारत।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने प्रदेश भर के पुलिस थानों व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालय में लंबे समय से जमे पुसिल अधिकारियों व कर्मचारियों का तबादला करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद भोपाल शहर के थानों में जमे कुछ पुलिस अधिकारी व कर्मचारी अंगद के पैर की तरह थानों में जमे हुए थे और नई पदस्थापना पर जाने को तैयार नहीं हैं। इस बात की शिकायत मिलने के बाद ऐसे ही 8 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाही करते हुए डीसीपी मुख्यालय भोपाल शहर ऋद्धा तिवारी ने उन्हें निलंबित किया है।
डीसीपी मुख्यालय ऋद्धा तिवारी ने सोमवार रात सूची जारी की है। जिसमें टीलाजमालपुरा के एसआई साबिर खान, रक्षित केन्द्र के एएसआई रामअवतार, श्यामला हिल्स के प्रधान आरक्षक नरेश कुमार शर्मा, बागसेवनिया के प्रधान आरक्षक मनोहर लाल, कमला नगर के प्रधान आरक्षक चन्द्रमौल मिश्रा, हनुमानगंज के प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र यादव, आरक्षक कपिल चन्द्रवंशी और क्राइम ब्रांच के आरक्षक प्रशांत शर्मा को निलंबित किया है। इन सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पिछले माह उनके वर्तमान स्थान से तबादला कर दूसरे स्थानों पर पदस्थ किया गया था। डीजीपी के निर्देश के बाद डीसीपी मुख्यालय भोपाल शहर से तबादला आदेश जारी होने के लगभग तीन सप्ताह बाद भी इन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपने संबंधित थानों में अपनी आमद न हीं दी थी। तबादला आदेश की अवहेलना के चलते इन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाही कर पुलिस लाइन अटैच किया है।
प्रमाण पत्र से दे रहे थानों से रवानगी की जानकारी-
थानों व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यालय में लंबे समय से जमे पुलिस अधिकारी व कर्मचारी के तबादला होने के बाद उन्हें कार्यमुक्त कर संबंध थानों व ईकाई में आमद देने के संबंध में भोपाल शहर के सभी थाना प्रभारियों से जानकारी मांगी गई थी। इस जानकारी को एक प्रमाण पत्र के तैर पर अपने-अपने जोन के डीसीपी को भेजना है। साथी ही बताना है कि किसी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी को तबादला होने के बाद मौखिक आदेश पर तो नहीं रोका गया है। इसे लेकर शहर के थाना प्रभारी अपने थानों से तबादला हुए पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के रवानगी देने के संबंध में प्रमाण पत्र तैयार कर डीसीपी कार्यालय को भेज रहे हैं।
नपेंगे थाना प्रभारी व परिवेक्षण अधिकारी-
जानकारी के मुताबिक प्रदेशभर में बदले गए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के संबंध में जल्द ही पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना एक समीक्षा बैठक लेने वाले हैं। जिसमें प्रदेश भर के जिलों में हुए फेरबदल को लेकर चर्चा की जाएगी। सूत्रों की माने तो तबादलों को लेकर किसी भी थाना प्रभारी ने वरिष्ठ कार्यालय को गलत जानकारी दी है तो उनके व परिवेक्षण अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाही की जाएगी।







