मध्य प्रदेश
खौफनाक हादसा : ट्रक ने मासूम को 30 मीटर तक घसीटा : साइकिल सवार 11 साल के बच्चे की हुई मौके पर मौत; ट्रक चालक मौके से फरार

मंडला lजिले के अंजनिया में रविवार शाम को मंडला मार्ग पर सरईटोला के पास 11 वर्षीय बच्चे को ट्रक ने रौंद दिया। मृतक की पहचान सरई टोला निवासी दिनेश यादव के पुत्र सोनू यादव के रूप में हुई है। सोनू अंजनिया स्थित एक हेयर सैलून से बाल कटवाकर घर लौट रहा था। सरईटोला मार्ग के पास मोड़ पर डोलोमाइट से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे को ट्रक करीब 30 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में बच्चे का कमर तक का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत सोनू को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टारों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। अंजनिया चौकी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दादी के साथ रहता था सोनू
सोनू के माता-पिता नागपुर में काम करते हैं। वह अपनी दादी के साथ सरई टोला में रहता था। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। सोमवार को उनके अंजनिया पहुंचने की संभावना है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शव घर में रखा है।







