वंदे भारत में मारपीट करने वाले विधायक व साथियों पर आज हो सकती है एफआईआर -कोच के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मारपीट की घटना

वंदे भारत में मारपीट करने वाले विधायक व साथियों पर आज हो सकती है एफआईआर
-कोच के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मारपीट की घटना
भोपाल यशभारत। दिल्ली से भोपाल लौटते वक्त वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के एक्जीक्यूटिव कोच में परिवार के साथ यात्रा कर रहे एक यात्री के साथ झांसी रेलवे स्टेशन पर हुई मारपीट की घटना में आज जीआरपी भोपाल में एफआईआर दर्ज हो सकती है। घटना के बाद घायल व्यक्ति की स्थिति ठीक न होने के कारण उन्होंने आज मेडिकल करने के बाद एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी। वहीं सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की वारदात कैद हो गई है। इस घटना के बाद भाजपा विधायक राजीव सिंह ने झांसी जीआरपी में एनसीआर दर्ज कराई है।
जानकारी के मुताबिक वंदे भारत ट्रेन में सवार यात्रियों ने बताया कि झांसी जिले की बबीना विधानसभा से भाजपा विधायक राजीव सिंह वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच ए-2 में पत्नी और बेटे के साथ दिल्ली से सवार हुए थे। राजीव सिंह का सीट नंबर 8 था, जबकि उनकी पत्नी कमली सिंह का सीट नंबर 50 और बेटे श्रेयांश सिंह का नंबर 51 था। वहीं इसी कोच में 49 नंबर की विंडो सीट पर राज प्रकाश नाम के यात्री बैठे हुए थे। विधायक ने उनसे कहा कि तुम मेरी 8 नंबर की सीट पर चले जाओ। इस पर राज प्रकाश ने सीट बदलने से मना कर दिया। इसके बाद जैसे ही ट्रेन झांसी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन के कोच में करीब आधा दर्जन लोग घुस आए और राज प्रकाश के साथ हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट करने लगे। इससे उनकी नाक से खून बहने लगा और फ्रैक्चर हो गया है। भाजपा विधायक और उनके साथियों द्वारा की गई मारपीट की घटना से वंदे भारत एक्सप्रेम में यात्रा करने वाले यात्रियों में काफी नाराजगी है।
अभी नहीं कराई एफआईआर-
एसआरपी रेल भोपाल, राहुल लोढ़ा ने बताया कि वंदे भारत एक्सपे्रम में हुए मारपीट की घटना व्यक्ति थाने पहुंचा था। जहां पर उन्हें मेडिकल के लिए बोला गया था, लेकिन उन्होंने बाद में मेडिकल और एफआईआर दर्ज कराने की बात कही थी। संभवत: आज वह एफआईआर दर्ज कराने जीआरपी थाना पहुंचेंगे। जहां पर केस दर्ज किया जाएगा। साथ ही कोच में लगे कैमरों की भी जांच कराई जाएगी।







