जबलपुर से बड़ी खुशखबरी: हृदय रोग से पीड़ित 01 वर्ष के बालक आराध्य दुबे को मिला नया जीवन

जबलपुर से बड़ी खुशखबरी: हृदय रोग से पीड़ित 01 वर्ष के बालक आराध्य दुबे को मिला नया जीवन
मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत हुई सफल सर्जरी
जबलपुर,
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत जबलपुर जिले में एक अत्यंत सराहनीय कार्य हुआ है। 01 वर्षीय बालक आराध्य दुबे, जो जन्म से ही हृदय रोग से ग्रसित था, को मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के माध्यम से नारायणा हृदयालय, मुंबई में सफल हृदय सर्जरी कराकर नया जीवन प्रदान किया गया।
आराध्य दुबे, पिता अतुल दुबे, निवासी 63, गोविंद वल्लभ पंथ वार्ड, दक्षिण मिलौनीगंज, जबलपुर, की गंभीर बीमारी की जानकारी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला को मिली। तत्पश्चात उन्होंने जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों से बालक की जांच करवाई और मामले को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा और सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
डॉ. मिश्रा के निर्देश पर डॉ. एस.एस. दाहिया, जिला नोडल अधिकारी RBSK एवं श्री शुक्ला द्वारा तुरंत बालक का पंजीयन कराकर परिवार की सहमति के बाद उसे मुंबई रेफर किया गया। दिनांक 03 जून को नारायणा हृदयालय, मुंबई में निःशुल्क हृदय सर्जरी की गई, जो पूर्णतः सफल रही।
बालक के स्वस्थ होने पर उसके परिवार ने मध्यप्रदेश शासन, माननीय मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन, चिकित्सा अधिकारियों, मेडिकल कॉलेज की टीम एवं RBSK की संपूर्ण टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।यह प्रेरणादायक घटना दर्शाती है कि यदि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समर्पण और संवेदनशीलता से किया जाए तो जरूरतमंद बच्चों को जीवनदान मिल सकता है।







