पी.के. गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल का सांदीपनि विद्यालय में उन्नयन कार्य प्राथमिकता से पूरा करें: उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल

भोपाल, : उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज मंत्रालय में रीवा जिले में सांदीपनि विद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के उन्नयन और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से पी.के. गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, रीवा को सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए चल रहे कार्यों पर चर्चा की।
उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम, खेल सुविधाएँ, फर्नीचर और अन्य सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। ऐसा करने से आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में सेवाएं शुरू की जा सकेंगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि कोई तकनीकी अड़चन आती है, तो उसे तुरंत उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए और प्राथमिकता से हल किया जाए।
श्री शुक्ल ने रीवा शहर के आस-पास के क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के प्रस्तावित उन्नयन कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जरूरी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी कर प्रस्तावों को मंजूरी के लिए भेजा जाए। उन्होंने जोर दिया कि रीवा शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों का उन्नयन प्राथमिकता से किया जाना चाहिए, ताकि वहां के छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें शिक्षा के लिए शहर आने की परेशानी न हो। बैठक में आयुक्त, स्कूल शिक्षा श्रीमती शिल्पा गुप्ता, पीआईयू और एप्को के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।







