भोपालमध्य प्रदेशराज्य

गेहूं उपार्जन में मध्य प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर, 60% से अधिक की वृद्धि दर्ज

Madhya Pradesh ranks second in the country in wheat procurement, registering an increase of more than 60%

गेहूं उपार्जन में मध्य प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर, 60% से अधिक की वृद्धि दर्ज

भोपाल। मध्य प्रदेश ने इस वर्ष गेहूं उपार्जन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज करते हुए देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इसे राज्य सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और सुनियोजित नीतियों का परिणाम बताया। गुना में जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री श्री राजपूत ने खुलासा किया कि इस वर्ष गेहूं उपार्जन में पिछले वर्ष की तुलना में 60 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

मंत्री श्री राजपूत ने इस शानदार उपलब्धि के लिए उपार्जन से जुड़े सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को बधाई दी, साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी तथा सुविधाजनक बनाना है। मंत्री ने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के पीछे राज्य सरकार की सक्रिय भूमिका, समय पर समर्थन मूल्य की घोषणा, और सुचारू परिवहन व भंडारण व्यवस्था का अहम योगदान रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और ‘मोबाइल कोर्ट’ का सफल प्रयोग

बैठक में कलेक्टर किशोर कन्याल ने बंधुआ मजदूरी से मुक्त कराए गए श्रमिकों की जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार योजनाबद्ध तरीके से पीड़ितों को रिहा कराकर उन्हें न्याय दिलाया गया। जल-गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई, जिसमें रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न जल संरक्षण गतिविधियों और जलप्रदाय योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री कन्याल ने ‘मोबाइल कोर्ट’ के सफल प्रयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से जमीनी विवाद, अतिक्रमण और सीमांकन जैसे पुराने लंबित मामलों का त्वरित निपटारा किया जा रहा है। मौके पर ही दोनों पक्षों की सहमति से समाधान होने से जनता को न्याय सुलभ हो रहा है।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित

बैठक के समापन पर मंत्री श्री राजपूत ने जल-गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ सुश्री मंजूषा खत्री, एसडीओ पीएचई टीएल मेहरा और उपयंत्री जनपद पंचायत आरोन चंदन शुक्ला को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्र शैलेन्द्र धाकड़, कु. पूर्णिमा अडा़वकर और राष्ट्रीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में चयनित नमन लोधी को भी सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button