कटनी

9 साल से फरार स्थाई वारंटी पर पुलिस का शिकंजा, ढीमरखेड़ा पुलिस चंदिया से दबोचा, कोर्ट में पेश

कटनी, यशभारत। न्यायालयीन प्रकरण में लंबे समय से पेशी से अनुपस्थित चल रहे 9 साल पुराने स्थाई वारंटी को ढीमरखेड़ा पुलिस ने चंदिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक महिमा रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वारंटी की तलाश की जा रही थी। बताया गया कि थाना ढीमरखेड़ा में दर्ज प्रकरण में आरोपी चालक मुकेश चौधरी पिता मथुरिया चौधरी निवासी चंदिया न्यायालयीन पेशियों पर लगातार अनुपस्थित हो रहा था। आरोपी की लगातार गैरहाजिरी के चलते न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ढीमरखेड़ा श्रीमती पूर्वी तिवारी के न्यायालय से उसके विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था। स्थाई वारंट जारी होने के बाद से ढीमरखेड़ा पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर को पुलिस टीम को आरोपी के चंदिया में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने चंदिया पहुंचकर आरोपी मुकेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी में थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सुब्बचन यादव, आरक्षक पंकज सिंह, आरक्षक देवेन्द्र अहिरवार एवं सैनिक संतोष दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button