भोपाल में 4 शातिर मोबाइल लुटेरे गिरफ्तार, 22 महंगे मोबाइल और 4 स्पोर्ट बाइक जब्त

भोपाल में 4 शातिर मोबाइल लुटेरे गिरफ्तार, 22 महंगे मोबाइल और 4 स्पोर्ट बाइक जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने राह चलते लोगों से मोबाइल लूटने और झपटमारी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 22 महंगे मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली 4 स्पोर्ट बाइक बरामद की हैं। जब्त किए गए पूरे मसरूके की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है।
महंगे शौक और फर्जी नंबर प्लेट का खेल
पुलिस उपायुक्त विकास सहवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल खान, फैजान पठान, समीर अंसारी और तालिब खान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे अपने महंगे शौक पूरा करने और बड़ा पैसा कमाने के लिए इन वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी शाम 7 से रात 10 बजे के बीच सड़कों पर हाथ में मोबाइल लेकर चलने वाले राहगीरों को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान अपनी केटीएम और पल्सर जैसी तेज रफ्तार स्पोर्ट बाइक्स की नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर लगा लेते थे, ताकि पुलिस की पकड़ में न आ सकें।
इरानी डेरा के मुख्य सरगना को बेचते थे माल
पकड़े गए लुटेरों ने बताया कि वे पिछले एक साल से फरार मास्टरमाइंड सबदर ईरानी और शाहरुख के साथ मिलकर एक सुव्यवस्थित टीम की तरह काम कर रहे थे। वारदात के समय दो बाइक्स एक साथ निकलती थीं; आगे वाली बाइक मोबाइल छीनती थी और पीछे वाली बाइक बैकअप के लिए चलती थी। मोबाइल न छोड़ने पर आरोपी छुरी अड़ाकर डराते थे। जब इनके पास 10-12 मोबाइल इकट्ठे हो जाते, तो ये अमन कॉलोनी स्थित इरानी डेरा जाकर मुख्य सरगना सबदर अली ईरानी को सौंप देते थे। सबदर प्रति मोबाइल 1 हजार रुपये अपना कमीशन रखकर बाकी पैसे इन्हें ऑनलाइन या कैश में बांट देता था।
नरेला जोड़ की वारदात से खुला राज
अयोध्या नगर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे ने बताया कि इस पूरी गैंग का खुलासा 11 जून की रात नरेला जोड़ के पास हुई एक लूट के बाद हुआ। साकेत नगर निवासी निखिल ओझा से केटीएम सवार बदमाशों ने छुरी अड़ाकर वीवो का फोन लूटा था। पुलिस ने तकनीकी और जमीनी सुराग जुटाकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी में मुख्य आरोपी साहिल के पास से वारदात में इस्तेमाल छुरी भी बरामद हुई है।
12 बड़ी वारदातों का खुलासा, फरार आरोपियों की तलाश
इस कार्रवाई से भोपाल के अलग-अलग थाना क्षेत्रों की कुल 12 बड़ी वारदातों का खुलासा हुआ है, जिनमें अयोध्या नगर, पिपलानी, गोविंदपुरा,हबीबगंज, बागसेवनिया और टीलाजमालपुरा क्षेत्र शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के दर्जनों आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। फिलहाल गैंग के मुख्य सरगना सबदर ईरानी और शाहरुख फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस लगातार दबिश दे रही है।







