रीवा lरीवा जिला न्यायालय का संचालन अब नवीन भवन से किया जाएगा। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने स्थित नए न्यायालय भवन में स्थानांतरण की समस्त आवश्यक सामग्री शिफ्ट की जा चुकी है।
जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष राजेंद्र पांडे ने बताया कि 29 सितंबर से जिला न्यायालय अंतर्गत सभी न्यायालयों का कार्य नवीन भवन से संचालित किया जाएगा।
न्यायालय में विचाराधीन व्यावहारिक एवं दण्डिक प्रकरणों से जुड़े पक्षकार, गवाह, अधिवक्ता एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों को अब नए भवन में उपस्थित होना होगा।
बताया गया कि न्यायालय प्रशासन द्वारा स्थानांतरण की समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। इस कदम से न्यायालयीन कार्यों में सुविधा, सुव्यवस्था और दक्षता में वृद्धि की उम्मीद की जा रही है।
बता दे कि नए न्यायालय भवन का लोकार्पण बीते चार मई को हुआ था, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के कई वरिष्ठ न्यायमूर्ति, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सहित कई अन्य जजों के साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए थे।
हालांकि इस नए न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के बैठक व्यवस्था को लेकर मांग उठाई जा रही थी, जिस पर अधिवक्ता संघ के स्तर पर व्यवस्था की गई है।
Back to top button