जबलपुरमध्य प्रदेशराज्य

रफ़्तार का खूनी खेल; फॉर्च्यूनर ने 18 वर्षीय युवक को रौंदा, मौके पर ही हुई दर्दनाक मौत

जबलपुर। संस्कारधानी के हृदय स्थल ओमती क्षेत्र में रविवार की रात एक बार फिर रफ़्तार के जुनून ने एक मासूम की जान ले ली। ज्योति टॉकीज तिराहे पर स्थित देशबंधु प्रेस के सामने एक बेलगाम फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार युवक को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

लापरवाही ने ली जान

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 9:00 बजे एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर (क्रमांक MP20CL0057) बेहद तेज गति और लापरवाही से ज्योति टॉकीज की ओर आ रही थी। कार में एक युवक और युवती सवार थे। अचानक कार चालक ने नियंत्रण खोया और सामने से आ रहे लगभग 18 वर्षीय बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया।

10 मिनट में पहुंची पुलिस

​हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस महज 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी वाहन को अपनी अभिरक्षा में लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जांच के दायरे में कार सवार

​बताया जा रहा है कि कार सवार युवक-युवती शहर के किसी रसूखदार परिवार से ताल्लुक रख सकते हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या चालक नशे की हालत में था या केवल ओवरस्पीडिंग की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे की सटीक वजह सामने आ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button