सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) भोपाल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने एक ऑटो से करीब 76 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो भोपाल की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक ऑटो में गांजा भरकर मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनसीबी और घंसौर पुलिस ने संयुक्त रूप से घंसौर थाना क्षेत्र के टोल नाके पर घेराबंदी कर संदिग्ध ऑटो को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ऑटो चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामबाबू मीना (36 वर्ष) पिता रामेश्वर मीना, निवासी ग्राम भाटनी, पोस्ट विदिशा तथा इमरत सिंह मीना (46 वर्ष) पिता अश्वमीना, निवासी गंज बासौदा, जिला विदिशा के रूप में हुई है। जब्त किए गए ऑटो का नंबर एमपी 04 ए आर ए 6965 बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर विदिशा की ओर जा रहे थे, हालांकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस का मानना है कि यह मामला एक बड़े तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि 76 किलो गांजा जब्त किया गया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।