19 मामलों में तेरह लाख का मशरूका जप्त, 5 आरोपी गिरफ्तार : स्कूलों में हो रही चोरियों का पुलिस ने किया खुलासा
32 गैस सिलेंडर, 7 टेलीविज़न, 3 प्रिंटर, 23 बैटरियाँ, 1 कंप्यूटर-सीपीयू ,1 इंडक्शन चूल्हा व कार सहित लगभग 13 लाख का मशरूका जप्त

मण्डला l मंडला पुलिस ने 19 चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को दबोचा है पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सिलेण्डर, टीवी व अल्टो कार सहित लगभग 13 लाख का मशरूका बरामद किया हैं l
स्कूलों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस मामलों की जांच कर रही हैl
जानकारी के अनुसार पुलिस को स्कूलों को निशाना बनाकर गैस सिलेंडर, टीवी, बैटरियाँ, प्रिंटर, कंप्यूटर आदि सामग्री चोरी किए जाने की सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं। अज्ञात आरोपियों द्वारा सुनसान और ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों को चिन्हित कर इन वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था।
प्रकरणों के शीघ्र खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। टीमें लगातार संदिग्धों की पतासाजी एवं सूचनाओं के आधार पर कार्य कर रही थीं। जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए एसडीओपी नैनपुर एवं एसडीओपी मंडला के नेतृत्व में गठित टीम – जिसमें चौकी प्रभारी टाटरी, थाना प्रभारी महाराजपुर, थाना कोतवाली मंडला की टीम शामिल रहे – द्वारा कार्यवाही कर घटना को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा:- आरोपियों ने अब तक की पूछताछ में मंडला जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 19 चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चौकी टाटरी, थाना बम्हनी बंजर व चौकी अंजनीया के 01-01 प्रकरण, थाना कोतवाली मंडला के 02 प्रकरण थाना महाराजपुर 11 प्रकरण, चौकी पिंडरई के 03 प्रकरण शामिल है।
वारदात का तरीका :- आरोपियों द्वारा कार से भ्रमण करते हुए सुनसान स्कूल भवनों को चिन्हित कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया जाता एवं चोरी की गई सामग्री में घरेलू गैस सिलेंडर प्रमुखता से शामिल थे, जिन्हें गैस हॉकर्स को अवैध रूप से बेचा जाता था। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी औने-पौने दामों में बाजार में खपाया जाता था। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के निशानदेही पर गैस हॉकर्स से चोरी किया गया गैस सिलेन्डर, इलेक्ट्रिक कार्य करने वाले से चोरी का टीव्ही व अन्य सामान एवं आरोपियों द्वारा अलग अलग जगह पर रखा गया सामान जब्त किया गया है। प्रकरण में चोरी का सामान खरीदने व उसे ठिकाने लगाने वाले उक्त दोनों व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।
जप्त सामाग्री :- पुलिस टीम के द्वारा उक्त मामले में चोरी की गई सामाग्री 32 गैस सिलेंडर, 07 टेलीविज़न, 03 प्रिंटर, 23 बैटरियाँ, 01 कंप्यूटर-सीपीयू (की-बोर्ड सहित), यूपीएस, 01 इंडक्शन चूल्हा, बर्तन एवं घटना में प्रयुक्त अल्टो कार पुलिस टीम द्वारा जब्त किया गया। आरोपियों से जिले एवं अन्य सीमावर्ती जिलों में इस तरह की और भी मामलों की जानकारी प्राप्त की जा रही है।







