जबलपुरमध्य प्रदेश

जबलपुर से 12वां गंभीर मरीज एयरलिफ्ट, दिल्ली एम्स में मिला जीवनदान

जबलपुर से 12वां गंभीर मरीज एयरलिफ्ट, दिल्ली एम्स में मिला जीवनदान

जबलपुर यश भारत: जबलपुर में त्वरित कार्रवाई और मानवीयता का एक और उत्कृष्ट उदाहरण सामने आया है। धर्मशास्त्र यूनिवर्सिटी के एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र रोहित सिंह, जो 2 मई 2025 को कैंपस में कबड्डी खेलते समय गर्दन में गंभीर चोट लगने के कारण पैरालाइज्ड हो गए थे, उन्हें तत्काल एयर एंबुलेंस के माध्यम से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। यह जबलपुर से एयरलिफ्ट किया गया 12वां मरीज है, जिसे गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह कबड्डी खेलते समय दुर्भाग्यवश गिर पड़े, जिससे उनकी गर्दन की रीढ़ की हड्डी C4 में फ्रैक्चर हो गया। इस गंभीर चोट के कारण उनकी स्पाइनल कॉर्ड पर दबाव पड़ा और उनके दोनों पैर पैरालाइज्ड हो गए, साथ ही दोनों हाथों की मांसपेशियों की शक्ति भी बहुत कम हो गई। आनन-फानन में उन्हें जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी।

इस संकट की घड़ी में, रोहित के पिता ने तत्काल जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, सीएमएचओ कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयर एंबुलेंस से दिल्ली शिफ्ट करने का निर्णय लिया। इस पूरी प्रक्रिया की नोडल ऑफिसर डॉ. विनीत उप्पल ने अपनी टीम की सदस्य श्रेया अवस्थी के साथ मिलकर तेजी से ऑनलाइन अनुरोध तैयार किया। उन्होंने एयर एंबुलेंस सेवा प्रदाता कंपनियों से संपर्क साधा और दिल्ली एम्स में बिस्तर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समन्वय स्थापित किया।

इस चुनौतीपूर्ण कार्य में माननीय मुख्यमंत्री, माननीय उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, स्वास्थ्य आयुक्त, जबलपुर कलेक्टर और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने व्यक्तिगत रुचि दिखाई। उनके प्रयासों से एम्स दिल्ली में रोहित के लिए आईसीयू में बेड नंबर तीन पर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकी।

एयर एंबुलेंस रात 9:30 बजे जबलपुर पहुंची और बिना किसी देरी के रोहित को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। रोहित को एम्स दिल्ली में सुरक्षित रूप से भर्ती कर लिया गया है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज पूरी तरह से स्थिर है और उसकी रिकवरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button