स्मार्ट मीटर पर ऊर्जा मंत्री का भरोसा कहा 10 दिन इस्तेमाल कर देखें , खुद दूर हो जाएंगी सभी शंकाएं
Energy Minister expresses confidence in smart meters Says: Try using them for 10 days, and all doubts will be dispelled.

स्मार्ट मीटर पर ऊर्जा मंत्री का भरोसा , कहा 10 दिन इस्तेमाल कर देखें , खुद दूर हो जाएंगी सभी शंकाएं
भोपाल, यश भारत। प्रदेश में स्मार्ट मीटर को लेकर जारी चर्चाओं के बीच ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने एक बार फिर स्मार्ट मीटरों का समर्थन किया है। राजधानी भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर को लेकर कोई संदेह है तो वह 10 दिनों तक इसका उपयोग करके स्वयं इसकी कार्यप्रणाली और फायदे समझ सकता है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था पर आधारित हैं और इनके माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की सटीक एवं रियल टाइम जानकारी प्राप्त होती है। इससे बिजली के उपयोग पर बेहतर नियंत्रण रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। स्मार्ट मीटर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है जिससे बिजली बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह भी बताया कि उनके स्वयं के घर में स्मार्ट मीटर लगा हुआ है और उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त बिजली खपत या बिल संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों पर विश्वास करने के बजाय लोग स्वयं इसका अनुभव करें। मंत्री ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में है और भविष्य में बिजली प्रबंधन को और अधिक सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







