सतना lशहर में स्टेट जीएसटी विभाग ने कर अपवंचन के संदेह में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पन्नीलाल चौक स्थित श्रीकृष्ण ज्वेलर्स और उसकी सहयोगी फर्म मां भगवती ज्वेलर्स को स्टॉक सत्यापन और दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर सीज कर दिया गया है। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर शुरू हुई, जो देर रात तक चली।
स्टेट जीएसटी अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान दोनों शोरूम में उपलब्ध स्टॉक का मिलान पुस्तकों और दस्तावेजों से नहीं हो सका। आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने के चलते विभाग ने देर रात दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। जांच प्रक्रिया गुरुवार को दोबारा शुरू की जाएगी।
बताया जा रहा है कि श्रीकृष्ण ज्वेलर्स का संचालन रोहित अग्रवाल करते हैं, जबकि मां भगवती ज्वेलर्स उनकी पत्नी के नाम से पंजीकृत है। दोनों फर्म एक ही परिसर से संचालित हो रही थीं। विभाग को आशंका है कि कारोबार और टैक्स भुगतान में अनियमितताएं की गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक चालू वित्त वर्ष में दोनों फर्मों ने करीब 5 से 6 करोड़ रुपये की बिक्री दर्शाई है। आरोप है कि ज्वेलरी पर देय 3 प्रतिशत जीएसटी को नकद जमा करने के बजाय इनपुट टैक्स क्रेडिट के माध्यम से समायोजित किया गया, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान स्टेट जीएसटी की एक टीम रोहित अग्रवाल के टिकुरिया टोला स्थित निवास पर भी पहुंची, हालांकि कुछ घंटों बाद टीम वापस लौट आई।
यह पूरी कार्रवाई स्टेट जीएसटी सतना संभाग के ज्वाइंट कमिश्नर उमेश तिवारी के निर्देश पर की गई। जांच दल में सर्किल-1 की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी, अमित सिंह पटेल, प्रियंका सोहगौरा, मृत्युंजय तिवारी सहित 20 से अधिक अधिकारी शामिल रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी स्टेट जीएसटी विभाग ने 1 दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच जिले के पांच ज्वेलरी शोरूम पर छापामार कार्रवाई की थी, जिसमें जांच के बाद अर्थदंड सहित लगभग 1.45 करोड़ रुपये की जीएसटी वसूली की गई थी।
Back to top button