स्कूलों में औचक निरीक्षण, पढ़ाई से लेकर मध्यान्ह भोजन तक की हुई जांच
स्वच्छता और शैक्षणिक गुणवत्ता का सीईओ ने लिया जायजा

स्कूलों में औचक निरीक्षण, पढ़ाई से लेकर मध्यान्ह भोजन तक की हुई जांच
स्वच्छता और शैक्षणिक गुणवत्ता का लिया जायजा

कटनी,यशभारत। जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर सहित सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षाओं में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण अभियान के तहत जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने हाईस्कूल चाका एवं कुठला का दौरा किया। उन्होंने हमारे शिक्षक ऐप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति का सत्यापन किया, विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर पढ़ाई की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान ने मध्यान्ह भोजन का स्वाद चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। स्टोर रूम का निरीक्षण कर भोजन सामग्री की उपलब्धता और रखरखाव की स्थिति देखी तथा परिसर की साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जनपद पंचायत कटनी, बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा, विजयराघवगढ़ और रीठी के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों ने अपने-अपने विकासखंड के अनेक प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपस्थिति पंजी का परीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था, खेलकूद गतिविधियों तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।






