मध्य प्रदेशराज्य

डिजिटल इंडिया के दावे की खुली पोल: 77 गांव नेटवर्क विहीन, MLA पहुंचे CM दरबार

 

यशभारत डिंडौरी। जिले के दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में संचार व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जन मन योजना के तहत डिंडौरी जिले में स्थापित 77 बीएसएनएल मोबाइल टावरों के अब तक चालू नहीं होने की गंभीर समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए टावर शोपीस बनकर खड़े हैं, जबकि ग्रामीण आज भी नेटवर्क के लिए भटकने को मजबूर हैं।

विधायक धुर्वे ने मुख्यमंत्री को बताया कि मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से शासकीय योजनाओं के संचालन पर सीधा असर पड़ रहा है। मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और भुगतान संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की डिजिटल सेवाएं, टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और आपातकालीन संचार व्यवस्था भी बाधित हो रही है। इसके अलावा विद्यार्थियों, किसानों और ग्रामीणों को बैंकिंग तथा अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार डिजिटल इंडिया और ग्रामीण कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की बात कर रही है, लेकिन डिंडौरी के कई गांव आज भी नेटवर्क विहीन हैं। जन मन योजना का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों को संचार सुविधाओं से जोड़ना था, लेकिन टावर चालू नहीं होने से योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से सभी 77 बीएसएनएल टावरों को जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों ग्रामीणों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क मिलेगा और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।

जनपद सदस्य बोले लोग अब सिम कार्ड तोड़कर फेक रहे है

करंजिया जनपद क्षेत्र के सदस्य मधुवन धुर्वे ने बताया कि खारी डीह में टावर लगाया गया था।दो दिन चला ,इसके बाद फिर से बंद हो गया ।ग्रामीणों ने बड़े उत्साह के साथ सिम कार्ड खरीदा था।अब मजबूरी में तोड़ कर फेक रहे है।टावर चालू न होने की वजह से समस्याएं तो बढ़ ही रही है।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बी एस एन एल विभाग में तैनात लाइन मैन को टेक्निकल जानकारी न होने की वजह से भी लाइन चालू करने में दिक्कत हो रही है।

विभागीय अधिकारी बोले कोशिश जारी ,जल्दी चालू होंगे टावर

एस डी ओ सुरेंद्र मरकाम ने बताया कि लगभग 40 से 45 टावर चालू कर दिए गए है।कई जगह ऑप्टिकल वायर टूटी हुई है,जिन्हें सुधारा जा रहा है।कोशिश है कि जल्दी ही टावर चालू हो जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button