सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के छपारा थाना अंतर्गत जामा मस्जिद कॉलोनी के समीप बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छपारा निवासी गोलू उर्फ अल्ताफ शेख अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे नकदी एवं कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। जब परिवार सुबह वापस लौटा तो घर का मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नकदी तथा जेवरात गायब थे।
पीड़ित अल्ताफ शेख ने बताया कि चोर घर में रखे लगभग 6 लाख रुपये नकद एवं करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। घटना की सूचना तत्काल छपारा थाना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस तरह लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कॉलोनीवासियों में रोष और चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि रात्रि के समय पुलिस गश्त कम होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाने एवं नगर क्षेत्र में निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
इस संबंध में छपारा थाना प्रभारी खेमेन्द्र जेतवार ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।