सायबर ठगी : खाते से निकाले 19.50 लाख, पीडि़त युवक ने कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र के नई बस्ती जगमोहन दास वार्ड निवासी एक युवक के बैंक खाते से करीब 19 लाख 50 हजार रुपए की रकम अलग-अलग किस्तों में निकाल ली गई। लंबे समय तक हुई इस धोखाधड़ी का खुलासा होने पर पीडि़त ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय मोहित छबलानी ने कोतवाली पहुंचकर बताया कि 15 जनवरी 2024 से 2 मई 2026 के बीच अज्ञात लोगों ने उनके खाते से कुल 19 लाख 50 हजार 878 रुपए निकाल लिए। रकम कई बार में ट्रांसफर की गई, जिससे शुरुआती दौर में उन्हें ठगी का अंदेशा नहीं हो सका। पुलिस ने बताया कि युवक ने ट्रेडिंग के नाम पर पहले 20 हजार रुपए जमा किए और उसके बाद वह कई बार रुपए जमा करता रहा। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की जानकारी जुटा रही है, जिनके जरिए रकम निकाली गई। प्रारंभिक जांच में मामला ऑनलाइन निवेश, टास्क फ्रॉड या किसी साइबर जालसाजी से जुड़ा माना जा रहा है। मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है और आरोपियों के डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले जा रहे हैं।







