सर्वर ठप होने से जेपी अस्पताल की व्यवस्था चरमराई पर्ची जांच और इलाज में देरी घंटों कतारों में खड़े रहे मरीज

सर्वर ठप होने से जेपी अस्पताल की व्यवस्था चरमराई
पर्ची जांच और इलाज में देरी घंटों कतारों में खड़े रहे मरीज
भोपाल, यश भारत। राजधानी के जयप्रकाश नारायण अस्पताल में बुधवार को सर्वर डाउन होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तकनीकी खराबी के कारण अस्पताल की ऑनलाइन पंजीयन व्यवस्था प्रभावित हो गई जिससे ओपीडी में पर्ची बनवाने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे जबकि कुछ मरीजों को इलाज और जांच के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल रहा और भीड़ बढ़ने के कारण मरीजों तथा परिजनों में नाराजगी भी देखने को मिली। बरसात के मौसम में डेंगू मलेरिया वायरल फीवर और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे समय में अस्पतालों में पहले से ही मरीजों की भीड़ रहती है। सर्वर बंद होने से केवल पंजीयन ही नहीं बल्कि ब्लड टेस्ट पैथोलॉजी और अन्य जांच संबंधी प्रक्रियाएं भी प्रभावित हुईं। कई मरीजों को डॉक्टर का परामर्श लेने के बावजूद आवश्यक जांच नहीं कराई जा सकी जबकि कुछ को इलाज में देरी का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों का कहना था कि सर्वर काफी समय तक बंद रहा जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। भीड़ बढ़ने के बावजूद व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं थे जिसके चलते काउंटरों पर धक्का मुक्की और बहस जैसी स्थिति भी बनी। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से ऐसी तकनीकी समस्याओं से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। हालांकि कुछ समय बाद तकनीकी खराबी दूर होने पर सर्वर दोबारा चालू हो गया और पंजीयन सहित अन्य सेवाएं धीरे धीरे सामान्य हो गईं। अस्पताल के कंप्यूटर ऑपरेटर दिलीप ने बताया कि तकनीकी कारणों से कुछ समय के लिए सर्वर प्रभावित हुआ था। समस्या का समाधान कर लिया गया है और अब पर्ची बनाने जांच पंजीयन तथा अन्य सभी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। अस्पताल प्रशासन ने भी मरीजों से हुई असुविधा पर खेद जताते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।







