सफारी और अर्टिगा कार में भीषण भिड़ंत; अर्टिगा के चालक की मौत, दूल्हा-दुल्हन सहित तीन गंभीर

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर-खुरई मार्ग पर एक तेज रफ्तार सफारी कार द्वारा ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में सामने से आ रही अर्टिगा कार से सीधी और भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में अर्टिगा कार के चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार नवविवाहित दूल्हा-दुल्हन सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के द्वारा यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, सागर की ओर से आ रही एक सफारी कार ने अपने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी वह सामने से आ रही अर्टिगा कार से सीधे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्टिगा कार के आगे के दोनों गेट पूरी तरह पिचक गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया।
समय पर नहीं मिल सका इलाज, ड्राइवर ने तोड़ा दम
हादसे में अर्टिगा कार के ड्राइवर सुरेंद्र, पिता गुलाब सिंह यादव (आयु 28 वर्ष) की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के लिए रेफर किया गया था। किंतु एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने के कारण घायल चालक को समय पर सागर नहीं लाया जा सका, जिसके चलते उसने खुरई सिविल अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।
दूल्हा-दुल्हन सहित तीन की हालत नाजुक
इस भीषण सड़क हादसे में अर्टिगा कार में सवार दूल्हा प्रहलाद कुशवाहा, दुल्हन पूजा कुशवाहा और दूल्हे के जीजा नरेंद्र कुशवाहा को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायलों की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें सागर के एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







