सनसनीखेज वारदात : कलियुगी बेटे ने माता-पिता को उतारा मौत के घाट, पत्थर और रॉड से पीट-पीटकर की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले के देवरी थाना क्षेत्र में बेहद सनसनीखेज और दिल को चीर देने वाला शर्मनाक मामला सामने आया है। जिसमें एक कलयुगी पुत्र ने अपने ही माता-पिता की पत्थर और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी कलयुगी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
देवरी नगर से करीब दो किलोमीटर दूर टीकरिया तिराहे के पास रहने वाले आरोपी शिवराज सेन ने अपने ही पिता गणेश सेन (55) और मां शांति बाई सेन (45) की बेरहमी से हत्या कर दी है। घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बताया गया है कि आरोपी शिवराज अपने माता-पिता का छोटा बेटा है और उन्हीं के साथ रहता था।
यश भारत के संभागीय ब्यूरो को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देवरी थाना क्षेत्र के धुलतरा गांव में रहने वाला आरोपी शिवराज मानसिक रूप से सनकी स्वभाव का था और आए दिन घर में झगड़ा करता था। बुधवार की रात उसके गुस्से का पारा इतना बढ़ गया कि उसने अपने ही माता-पिता पर पत्थर और लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
इस दिल दहला देने वाली घटना की डायल 112 पर सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों मृतकों के शव बरामद किए और आरोपी शिवराज को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में एसडीओपी देवरी शशिकांत सरयाम ने यश भारत को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टीकरिया तिराहे के ग्राम धुलतरा में एक दंपती की हत्या कर दी गई है। मौके पर पुलिस के पहुंचने पर देखा तो दोनों के शव पड़े थे। मृतक के बड़े बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके छोटे भाई शिवराज ने उसके माता पिता की हत्या कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इस संबंध में थाना प्रभारी देवरी गजेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा है कि आरोपी से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जा रही है। उन्होंने प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका व्यक्त की है।







