शताब्दी वर्ष में शाखाएं बढ़ाने पर जोर, संघ का फोकस यूथ और प्रोफेशनल्स पर, घर-घर करेंगे संपर्क


कटनी, यशभारत। 100 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने यूथ एवं प्रोफेशनल्स को ज्यादा से ज्यादा संख्या में शाखाओं से जोड़ने की योजना बनाई है। शाखाओं की संख्या बढ़ाने के लिए युवाओं की सुविधा से टाइमिंग भी एडजस्ट की जा रही है। युवाओं की सुविधा से सुबह से लेकर शाम तक किसी भी समय शाखा लगाई जा सकेगी। शताब्दी वर्ष में गोष्ठियां और पंच परिवर्तन के कार्यक्रमों का कैलेंडर भी तैयार किया गया है।
जानकारी के अनुसार संघ के पदाधिकारी शताब्दी वर्ष के आयोजनों के रोडमैप की तैयारी में जुटे हैं। अनेक स्थानों पर संवाद-संपर्क के आयोजन रखे गए हैं। संघ ने साल भर के कार्यक्रमों की श्रंखला तैयार की है। मंडल और बस्ती शाखाओं के विस्तार की योजना बनाई गई है।
पंच परिवर्तन के आयोजन सभी जिलों में होंगे
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि पंच परिवर्तन के तहत स्वदेशी, पर्यावरण, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोधन के कार्यक्रमों की श्रंखला बनाई गई है। बड़े शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी शाखाओं से नए लोगों को जोडने पर फोकस किया गया है। उनका कहना है कि शासकीय और निजी नौकरियों से रिटायर हो रहे अधिकारी-कर्मचारियों को भी संघ परिवार के कार्यक्रमों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए उनसे संपर्क किया जा रहा है।









