दमोह , पथरियाl पथरिया नगर में एटीएम कार्ड बदलकर वृद्ध नागरिक से रुपये निकालने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह के एक आरोपी को पथरिया पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई की नगर में सराहना की जा रही है।
क्या है पूरा मामला
1 दिसंबर 2025 को 76 वर्षीय बालमुकुंद पटैल निवासी वार्ड क्रमांक-04 पथरिया, एसबीआई बैंक के पास स्थित एटीएम से रुपये निकाल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 17 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 720/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से खुली गुत्थी
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में बलेनो कार क्रमांक HR-15-H-8638 संदिग्ध पाई गई, जो हरियाणा के रोहतक जिले से पंजीकृत थी।
हरियाणा में दबिश, आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों की तलाश के लिए थाना प्रभारी पथरिया निरीक्षक अमित मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने हरियाणा के ग्राम इंदरगढ़, थाना लाखनमाजरा, जिला रोहतक में दबिश देकर रिंकू सहसी (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह अपने दो साथियों दास उर्फ चूचर सहसी एवं रवि सहसी के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों में एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालता था। दिनांक 01 दिसंबर को तीनों आरोपी पथरिया आए थे और वृद्ध से 17 हजार रुपये की ठगी की गई।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय पथरिया में पेश किया गया। गिरोह के दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Back to top button