विस्फोटकों के परिवहन पर बड़ी कार्रवाई : आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी

रीवा। जिले के रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विस्फोटकों के परिवहन पर एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गश्त के दौरान भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री ले जा रही एक गाड़ी को पकड़ा है, जिसमें जिलेटिन रॉड सहित अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल है। यह विस्फोटक मानिकवार क्षेत्र से बेला की ओर ले जाया जा रहा था। इसे क्रेशर या माइनिंग में उपयोग किया जाता है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
कार में अवैध विस्फोटक भरा मिला
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि पुलिस टीम रूटीन गश्त पर थी। तभी मुखबिर से एक संदिग्ध वाहन के बारे में सूचना मिली, जब पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोका और उसकी तलाशी ली, तो उसमें अवैध विस्फोटक भरा हुआ पाया गया। पुलिस द्वारा वाहन चालक से जब इस विस्फोटक के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
क्रेशर ब्लास्टिंग के लिए ले जाया जा रहा विस्फोटक
शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल क्रेशर और माइनिंग में ब्लास्टिंग के लिए किया जाना था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है और विस्फोटक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
विस्फोटकों की तीव्रता और खतरे का आकलन करने के लिए बम डिस्पोजल स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस गाड़ी का असली मालिक कौन है। यह विस्फोटक मऊगंज के पास से कहां ले जाया जा रहा था और क्या इससे पहले भी इस तरह की अवैध सप्लाई की गई है।
डीएसपी हेडक्वाटर उदित मिश्रा ने बताया कि रायपुर कर्चुलियान पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी। इसके बाद हाईवे पर पुलिस की टीम ने घेराबंदी करते हुए कार रोका गया था। जांच के दौरान कार के अंदर भारी मात्रा मे अवैध विस्फोटक लोड था। कार चालक से विस्फोटक से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाया। कार चालक कमलेश सेन से पूछताछ में प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर और कुछ केबल्स क्रेशर और माइनिंग में इस्तेमाल किए जाते हैं।







