मध्य प्रदेशराज्य

विंध्य में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, नदियां उफान पर : सड़कें तालाब में तब्दील…नावों के सहारे आवाजाही…. देखें पूरा वीडियो

सतना यश भारत। विंध्य क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सतना, रीवा से लेकर बैकुंठपुर तक कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर पानी खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है। शहरों की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं, जबकि निचली बस्तियों में लोगों को घरों से पानी निकालने के लिए पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी।

चित्रकूट में मंदाकिनी का रौद्र रूप

सतना जिले के तराई क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते चित्रकूट में हालात बेहद खराब हो गए हैं। मंदाकिनी नदी खतरे के निशान से करीब डेढ़ से दो मीटर ऊपर बह रही है। रामघाट का प्लेटफॉर्म पूरी तरह पानी में डूब चुका है। पुरानी लंका तिराहे के आसपास सड़क पर इतना पानी भर गया कि लोगों को नावों के सहारे आवाजाही करनी पड़ रही है।

Screenshot 20260820 145330.WhatsApp

100 से ज्यादा दुकानों में घुसा पानी

रामघाट और आसपास के बाजार क्षेत्र की 100 से अधिक दुकानों में करीब चार से पांच फीट तक पानी भर गया है। अचानक आई बाढ़ जैसे हालात से व्यापारियों को भारी नुकसान की आशंका है। दुकानों में रखा सामान पानी में डूबने से कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

कई रास्ते बंद, श्रद्धालुओं की आवाजाही रोकी

जलभराव के कारण आरोग्य धाम मार्ग पर करीब पांच फीट और भरतघाट-रामघाट रपटा पर करीब छह फीट पानी भर गया है। इसके चलते दोनों मार्गों पर आवाजाही बंद कर दी गई है। सती अनुसुइया मार्ग और गुप्त गोदावरी क्षेत्र में भी पानी भरने के कारण श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

 

प्रशासन अलर्ट, पुलिस की तैनाती

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने रामघाट की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों को नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button