लोकायुक्त की कार्रवाई : रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप हुईं कर्मचारी संघ की अध्यक्ष, एरियर्स की राशि निकलवाने के एवज में मांग रही थीं 2500 की रिश्वत

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त पुलिस ने कर्मचारी संघ की अध्यक्ष गांधाली कदम को 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर उस समय अंजाम दी, जब आरोपी अध्यक्ष एक पीड़ित शिक्षक से उसके एरियर्स की राशि स्वीकृत कराने के एवज में रिश्वत की रकम ले रही थीं।
प्राप्त विवरण के अनुसार, एक पीड़ित शिक्षक ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बकाया एरियर्स (Arrears) की राशि का भुगतान कराने के बदले में कर्मचारी संघ की अध्यक्ष गांधाली कदम द्वारा पैसों की मांग की जा रही है। शिकायत में बताया गया कि काम करने के एवज में 2500 रुपये की रिश्वत तय की गई थी। लोकायुक्त की टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद त्वरित योजना बनाई और जैसे ही पीड़ित शिक्षक रिश्वत की राशि देने पहुंचा, लोकायुक्त पुलिस ने घेराबंदी कर गांधाली कदम को रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई के तुरंत बाद लोकायुक्त टीम द्वारा उनके हाथ धुलवाए गए, तो उनके हाथ गुलाबी हो गए, जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है। लोकायुक्त पुलिस सागर द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज कार्रवाई के बाद शासकीय महकमों और कर्मचारी संगठनों के बीच हड़कंप मच गया है।







