लोकायुक्त की कार्यवाही : तहसीलदार का बाबू 3 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ ट्रैप, नक्शा दुरुस्ती आदेश कराने के एवज में 5 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत… देखें पूरा वीडियो

नरसिंहपुर |जिले की गाडरवारा तहसील कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को गुरुवार दोपहर लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने जमीन के नक्शा दुरुस्ती आदेश कराने के एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसे बाद में कम कर 3 हजार रुपये कर दिया गया।
लोकायुक्त के इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरबरिया ने बताया कि बरहटा निवासी आशीष कुमार कौरव ने शिकायत की थी कि उनकी जमीन के नक्शा दुरुस्ती का प्रकरण गाडरवारा तहसील में लंबित है। इस प्रकरण में आदेश जारी कराने के लिए तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव ने 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाकर गुरुवार को कार्रवाई की और आरोपी बाबू को उसके कार्यालय में 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर नरबरिया ने बताया कि आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य अधिकारियों की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई में छह सदस्यीय टीम शामिल रही, जिसमें इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरबरिया, राहुल गजभीये, यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







